जानवरों की दुनिया में खो गए युवा लाइब्रेरी के नन्हे पाठक,  बच्चों में जगी नई जिज्ञासा और सृजनशीलता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जब किताबों के पन्नों से निकलकर बच्चे वास्तविक दुनिया से रूबरू होते हैं, तो सीखना सचमुच एक उत्सव बन जाता है। ऐसा ही प्रेरक दृश्य उस समय देखने को मिला जब सामाजिक संस्था Youth Unity for Voluntary Action (युवा) द्वारा संचालित युवा लाइब्रेरी, हलुदबनी के 36 बच्चों ने Tata Steel Zoological Park का शैक्षणिक भ्रमण किया।

शेर की दहाड़, हिरण की फुर्तीली चाल और रंग-बिरंगे पक्षियों की चहचहाहट के बीच बच्चों की आंखों में जिज्ञासा साफ झलक रही थी। इस भ्रमण का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बच्चों की अवलोकन क्षमता, सृजनात्मक सोच और पुस्तकों के प्रति गहरी रुचि को विकसित करना था।

भ्रमण के बाद बच्चों ने अपने अनुभवों को लेख और चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। हर चित्र में एक कहानी थी और हर लेख में नई दृष्टि। यह आयोजन बच्चों की रचनात्मक क्षमता को सामने लाने का सशक्त माध्यम बना।

युवा मोबाइल लाइब्रेरी के बच्चे भी इस शैक्षणिक यात्रा में शामिल रहे। बच्चों का मार्गदर्शन संस्था के संस्थापक अरविंद कुमार तिवारी, सचिव वर्णाली चक्रवर्ती तथा स्वयंसेवकों हेमंती गोप, कापरा मांझी और अंजना देवगम ने किया।

संस्थापक अरविंद कुमार तिवारी ने कहा, “किताबें बच्चों को कल्पना की दुनिया में ले जाती हैं और ऐसे भ्रमण उन्हें वास्तविकता से जोड़ते हैं। दोनों मिलकर एक बच्चे को सच्चा सीखने वाला इंसान बनाते हैं।”

यह एक्सपोजर विजिट Bookworm के सहयोग से लाइब्रेरी मैनेजमेंट सपोर्ट कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई। युवा लाइब्रेरी जमशेदपुर के वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुभवात्मक सीख से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.