जमशेदपुर।
यंग उड़ान सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में सातवें दलमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी ट्रैकिंग का सफल आयोजन किया गया। इस ट्रैकिंग अभियान में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर प्रकृति के साथ जुड़ने का एक नया और प्रेरणादायक इतिहास रचा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाना, शारीरिक क्षमता को परखना और प्राकृतिक वातावरण में आनंद व खुशी का अनुभव कराना रहा।
इस ट्रैकिंग अभियान में शामिल प्रतिभागियों ने बताया कि आज के डिजिटल युग में लगातार मोबाइल और स्क्रीन पर रहने के कारण मानसिक तनाव और आंखों की समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन दलमा ट्रैकिंग में शामिल होकर उन्हें मानसिक शांति, ताजगी और आत्मसंतोष का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन यंग उड़ान सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की केंद्रीय कमेटी के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में संस्था के अध्यक्ष रणवीर, उपाध्यक्ष विकास पांडे एवं राजीव रंजन, सचिव शुभम तथा कोषाध्यक्ष विवेक ने अहम भूमिका निभाई। संस्था द्वारा विगत सात वर्षों से लगातार इस तरह के सफल ट्रैकिंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस बार ट्रैकिंग को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए कुल 12 टीम लीडर और एक ग्रुप लीडर नियुक्त किए गए थे। ग्रुप लीडर एवं मुख्य इंस्ट्रक्टर की भूमिका रितेश मिश्रा ने निभाई, जबकि को-इंस्ट्रक्टर के रूप में पंकज मौजूद रहे। टीम लीडर के रूप में रिया गुप्ता, अनुपम, जाना प्रकाश, अंजलि, रागिनी, निशा, राजदीप, रोशन, रिशु और सुदेश सहित अन्य सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। प्रत्येक टीम में 13 प्रतिभागियों को शामिल किया गया था।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर चंदन उर्फ चंदू ने भी अपनी अलग शैली में सभी का उत्साह बढ़ाया और माहौल को जीवंत बना दिया। वहीं, विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्यरत कई प्रोफेशनल्स ने भी इस ट्रैकिंग में भाग लेकर कार्यक्रम की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने इस आयोजन को यादगार बताते हुए यंग उड़ान सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।









