Jamshedpur : विश्व एड्स दिवस के अवसर पर सोमवार को सीतारामडेरा स्थित तुरी समाज भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) और प्रयास एक कदम (एनजीओ) के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकार के अधिकार मित्र (पीएलवी) सुनील पांडेय ने एड्स/एचआईवी से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने कहा कि यह बीमारी गंभीर अवश्य है, लेकिन जागरूकता, सही जानकारी, काउंसलिंग, संतुलित खान-पान और स्वच्छता के माध्यम से पीड़ित व्यक्ति सामान्य और खुशहाल जीवन जी सकता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि एचआईवी पीड़ितों के साथ सहानुभूति और सम्मानपूर्ण व्यवहार करें, ताकि वे मानसिक रूप से मजबूत रह सकें और हतोत्साहित न हों।
अधिकार मित्र संजय तिवारी ने महिलाओं को डालसा की कार्यप्रणाली, सेवाओं और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रयास एक कदम की अध्यक्ष रेणु शर्मा ने संस्था के समाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था हमेशा से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के बीच जागरूकता फैलाने और सही जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य करती रही है।
उन्होंने कहा कि विश्व एड्स दिवस का संदेश है—स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें और जागरूक रहें।
कार्यक्रम में नीतू लाल, सोने शर्मा, महुआ, रीता, मंजू शर्मा, सोनिया, प्रिय रानी, प्रिय, लक्ष्मी देवी, आस्था महानंद, सविता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।









