रांची, संवाददाता:
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में झारखंड प्रदेश श्रमिक मित्र संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के पदाधिकारियों ने बुधवार को विभागीय मंत्री संजय यादव से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने श्रमिक मित्रों की समस्याओं और लंबित मांगों को विस्तार से रखा।
प्रतिनिधियों ने मंत्री को अवगत कराया कि केवल पूर्वी सिंहभूम जिले में 100 से अधिक श्रमिक मित्र कार्यरत हैं, जबकि पूरे राज्य में इनकी संख्या 3000 से अधिक है। श्रमिक मित्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और लाभुकों को लाभ दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक नियमित मानदेय नहीं दिया जा रहा है और केवल सीमित प्रोत्साहन राशि पर काम करवाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थिति और गंभीर है। श्रमिक मित्रों से लगातार काम लिया जा रहा है, लेकिन उनकी हाज़िरी तक नहीं ली जा रही है और न ही प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इससे श्रमिक मित्रों का श्रम और उनका अधिकार, दोनों की अनदेखी हो रही है।
इस मौके पर विभागीय मंत्री संजय यादव ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी श्रमिक मित्रों को उनका उचित अधिकार और लाभ दिलाने के लिए ठोस पहल की जाएगी।बैठक में जिला अध्यक्ष सुशेन कालिंदी के साथ पीतांबर हंसदा, किसंदर सरदार, खुदीराम मुर्मू, विनोद बा, टीबु सोरेन, सुनिर्मल किस्कू, झांटू महतो सहित पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में श्रमिक मित्र मौजूद रहे।