पोटका में महिला चौकीदार की चाकू मारकर हत्या, आरोपी ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा सिदगी मुख्य सड़क पर मंगलवार दोपहर एक महिला चौकीदार का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ज्योतिका हेंब्रम के रूप में हुई है, जो पोटका थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत थीं। प्रथम दृष्टया चाकू मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच महिला चौकीदार की हत्या की गई। जिस स्थान पर शव बरामद हुआ, वहीं उनकी स्कूटी भी खड़ी मिली, जिससे आशंका और गहराई है।

सूचना मिलते ही पोटका थाना की पुलिस के साथ डीएसपी, बीडीओ एवं सीओ भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका कलिकापुर पंचायत के केंदमुड़ी गांव की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी गणेश मांझी, निवासी जाहातू, हेसलबिल पंचायत (पोटका थाना क्षेत्र) है। बताया गया है कि मृतका और आरोपी के बीच पिछले 9 वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी गणेश मांझी लगातार ज्योतिका हेंब्रम पर नौकरी छोड़कर घर में रहने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते उसने कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गणेश मांझी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी का शव भी बरामद कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच की जा रही है।

वहीं मृतका के परिजनों ने ज्योतिका हेंब्रम की निर्मम हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.