Gamahariya : गम्हरिया रेलवे स्टेशन से महज 100 मीटर दूर थर्ड एंड अप लाइन पर पोल संख्या 259/15-17 के बीच झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे एक ट्रैकमैन को झाड़ियों से तेज दुर्गंध आई। जब वह पास गया तो देखा कि झाड़ियों के बीच एक महिला का शव बुरी तरह सड़ चुका है और उसमें कीड़े लग चुके हैं।
शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कर शव को सुनसान रेलवे क्षेत्र में फेंका गया है, ताकि किसी को पता न चले और साक्ष्य नष्ट हो जाएं।
शिनाख्त नहीं हो पाई, हत्या की आशंका प्रबल
पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की हालत को देखते हुए यह 4-5 दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल हत्या के कारणों और संलिप्त लोगों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है।
स्थानीयों में दहशत, पुलिस की सुस्ती पर सवाल
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत है। नागरिकों का कहना है कि सुनसान रेलवे इलाका आपराधिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित अड्डा बनता जा रहा है। पुलिस की गश्ती और निगरानी कमजोर है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
लोगों ने मांग की है कि महिला की पहचान जल्द से जल्द की जाए, घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कठोर सजा दी जाए। वहीं यह घटना गम्हरिया थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।