Jamshedpur : जुगसलाई में सोमवार, 7 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का 62वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विहिप झारखंड की दुर्गा वाहिनी संयोजिका कृति गौरव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि विहिप का 62वां स्थापना दिवस झारखंड के सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर मनाया जा रहा है। विहिप का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
कृति गौरव ने कहा कि सभी हिंदू सहोदर भाई हैं और किसी भी हिंदू को पतित नहीं माना जा सकता। कार्यक्रम में “सभी हिंदू एक हैं” के संकल्प पर जोर दिया गया। उन्होंने हनुमान जी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्हें उनकी शक्ति का स्मरण कराया गया था, उसी प्रकार हिंदू समाज को भी अपनी सामूहिक शक्ति का एहसास कराने की आवश्यकता है। संगठित समाज कठिन से कठिन कार्य को भी पूरा कर सकता है।
उन्होंने धर्मांतरण और सामाजिक भेदभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों के बीच सामाजिक समरसता जरूरी है। उनके अनुसार जातिगत विभाजन समाज को कमजोर करता है और विहिप का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर समाज को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि समाज के बीच जाकर ही सामाजिक चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
कृति गौरव ने भगवान श्रीराम का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रभु श्रीराम ने विभिन्न वर्गों और प्रकृति के सहयोगियों को साथ लेकर रावण के विरुद्ध संघर्ष किया, उसी प्रकार हिंदू समाज को भी सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा।
धर्म की रक्षा का दिया संदेश
विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एक विश्वव्यापी संगठन है। उन्होंने विहिप के प्रतीक विशाल बरगद के पेड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार इसकी शाखाएं चारों दिशाओं में फैलती हैं, उसी प्रकार विहिप का कार्य भी विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार पा रहा है।
उन्होंने “धर्मो रक्षति रक्षितः” का उल्लेख करते हुए कहा कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी धर्म की रक्षा के लिए सुदर्शन चक्र धारण किया था। अरुण सिंह के अनुसार, स्वतंत्रता के बाद की परिस्थितियों में हिंदू समाज के सामने उत्पन्न चुनौतियों को देखते हुए वर्ष 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई के सांदीपनि आश्रम में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी।
कार्यक्रम में विहिप जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, जिलामंत्री चंद्रिका भगत, मातृशक्ति जमशेदपुर महानगर प्रमुख एम. भवानी सहित समाज के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

















