महिलाओं ने उठाई आवाज, महाली साईं में सरकारी शराब ठेका बंद करने की मांग पर बुरुडीह ओवरब्रिज जाम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

खरसावां, झारखंड: गुरुवार को खरसावां थाना क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने महाली साईं में संचालित सरकारी शराब ठेके को बंद करने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुरुडीह रेलवे ओवरब्रिज को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया, जिससे खरसावां का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शन में हाड़ीसाई, शिमला, गुरूडीह, महाली साईं, असुरा, गोजुडीह, पोटका और देवली समेत कई गांवों के लोग शामिल हुए। प्रदर्शन सुबह 10:15 बजे शुरू हुआ और दोपहर 12:15 बजे तक जारी रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।



ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान के चलते क्षेत्र में लगातार असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ी है। महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। कई बार जिला प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।



इस विरोध में कई महिला समितियां भी सक्रिय रूप से शामिल रहीं। जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह, बीडीओ प्रधान माझी, सीओ कप्तान सिंकू और खरसावां थाना के एएसआई प्रकाश कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.