हर युग में प्रभु श्रीराम का जीवन हिंदू समाज की प्रेरणा और आदर्श : वीरेंद्र विमल

SHARE:

Jamshedpur : विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर के गोविंदपुर प्रखंड द्वारा स्वामी सहजानंद सरस्वती संस्थान में श्रीरामोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

विदित हो कि हिंदू नववर्ष से प्रारंभ होकर हनुमान जन्मोत्सव तक विहिप द्वारा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीरामोत्सव मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पटना एवं गुवाहाटी क्षेत्र के संत संपर्क प्रमुख वीरेंद्र विमल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन प्रत्येक युग में समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श शासन, मर्यादा और नीति आज भी सामाजिक एवं राजनीतिक व्यवस्था के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। उन्होंने अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर को समाज की आस्था और एकजुटता का प्रतीक बताया।

विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार रावण के संहार हेतु समस्त दैवीय शक्तियां प्रभु श्रीराम के नेतृत्व में संगठित हुई थीं, उसी प्रकार समाज को भी एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के रामनवमी अखाड़ा समितियों और हिंदू समाज को विहिप के सान्निध्य में एक मंच पर लाने का प्रयास संगठन द्वारा किया गया है, जो सामाजिक एकता का परिचायक है।

कार्यक्रम में प्रांत मठ-मंदिर प्रमुख देवेंद्र गुप्ता, विभाग संगठन मंत्री मिथिलेश, विभाग बजरंग दल संयोजक मुन्ना दूबे, महानगर मंत्री चंद्रिका भगत, बजरंग दल महानगर संयोजक चंदन दास, सत्संग प्रमुख रितेश ओझा, बलोपासना प्रमुख प्रतिक, प्रखंड अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश, उपाध्यक्ष कमलेश तिवारी, अमित रंजन, मंत्री भीमराज, सेवा प्रमुख अनिल, प्रचार-प्रसार प्रमुख शुभम, सामाजिक समरसता प्रमुख गोपाल सहित आरएसएस एवं विहिप के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें