Jamshedpur : सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) के तत्वावधान में रिबिल्ड इंडिया फंड के सहयोग से सुंदरनगर में दो दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में चार गांवों—जुड़ी पहाड़ी, बड़ा बाघलता, भुटका और काशीडीह—से कुल 50 किशोरियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक अंजना देवगम और चांदमनी सवैया ने किया, जबकि चन्द्र कला और रीला ने सहयोगी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समानता से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
लैंगिक समानता और बाल विवाह पर हुई चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान लैंगिक समानता, बाल विवाह के दुष्परिणाम एवं कानूनी प्रावधान, स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता, प्रभावी संचार और साथी नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा की गई। समूह चर्चा के माध्यम से किशोरियों को सामाजिक धारणाओं को समझने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया गया।
कार्यक्रम में “अच्छी लड़की” और “बुरी लड़की” को लेकर समाज में बनी धारणाओं पर समूह कार्य कराया गया। इसके अलावा अच्छे लीडर के गुणों पर चर्चा तथा मलाला यूसुफजई और सुधा मूर्ति के जीवन पर आधारित कहानियों के माध्यम से नेतृत्व एवं संघर्ष की प्रेरणा दी गई।
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया सामाजिक संदेश
प्रशिक्षण के दौरान नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया गया। इसमें सात समूहों ने लड़कियों की शिक्षा, बाल विवाह, जबरदस्ती विवाह, महिलाओं के कामकाज और किशोरियों के खेलकूद जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। किशोरियों को गुड टच और बैड टच की समझ विकसित करने के उद्देश्य से एक वीडियो भी दिखाया गया।
पंचायत के समक्ष समस्याएं रखने की रणनीति सीखी
प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रभावी संचार पर आधारित खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। जोड़ी में सुनने और चित्र बनाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से संवाद एवं सक्रिय सुनने की क्षमता विकसित करने का अभ्यास कराया गया।
इसके अलावा किशोरियों ने अपने आसपास की समस्याओं की पहचान कर उन्हें पंचायत के समक्ष प्रभावी तरीके से रखने की रणनीति पर समूह कार्य किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक लेकर प्रशिक्षण का समापन किया गया।
संस्था के अनुसार यह प्रशिक्षण पोटका प्रखंड में किशोरियों के नेतृत्व को मजबूत करने, उन्हें विद्यालय से जोड़े रखने और बाल विवाह की रोकथाम की दिशा में युवा के दीर्घकालिक प्रयासों का हिस्सा है।
तीन जिलों में काम कर रही है संस्था
युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) जमशेदपुर, झारखंड स्थित एक पंजीकृत सामाजिक संस्था है। संस्था पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में किशोरी शिक्षा, बाल विवाह रोकथाम और सामुदायिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
















