एसपी निधि द्विवेदी की पहल पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को मिली राहत सामग्री, जल्द मिलेंगे कूलर जैकेट

SHARE:

Adityapur : भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एसपी निधि द्विवेदी की पहल पर जिले के 16 ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात जवानों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। यह वितरण यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में किया गया।

पुलिसकर्मियों को पानी ठंडा रखने के लिए स्टील की बोतलें, तेज धूप से बचाव हेतु छतरियां तथा शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए गए। इस पहल का उद्देश्य लगातार धूप और गर्मी में ड्यूटी कर रहे जवानों को डिहाइड्रेशन, लू और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं से बचाना है, ताकि वे स्वस्थ रहकर बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों के लिए कूलर जैकेट भी ट्रायल के तौर पर मंगवाए जा रहे हैं। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो आने वाले समय में जिले के सभी यातायात पुलिसकर्मियों को कूलर जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस पहल को लेकर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने खुशी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच यह राहत सामग्री उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें