बलंडिया जंगल में व्यापारी से 85 हजार की लूट, जान से मारने की कोशिश, गिरोह अब तक पुलिस की पकड़ से दूर

SHARE:

Chaibasha : कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के बलंडिया जंगल में मंगलवार शाम दो नकाबपोश अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर एक पशु व्यापारी से 85 हजार रुपये लूट लिए। अपराधियों ने न सिर्फ रुपए छीने, बल्कि व्यापारी को जंगल के अंदर ले जाकर जान से मारने की कोशिश भी की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार कुमारडुंगी निवासी पशु व्यापारी अर्जुन महाकुड़ हाटगम्हारिया साप्ताहिक बाजार में दो जोड़ा बैल बेचकर 85 हजार रुपये लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बलंडिया जंगल के पास पहले से घात लगाए दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पिस्टल तानकर फायरिंग भी की और व्यापारी को धमकाते हुए जंगल के भीतर ले गए।

जंगल में पहले से मौजूद करीब छह अन्य अपराधी भी उनसे जा मिले। इसके बाद सभी ने व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। धारदार हथियार से घुटने और पैर पर वार कर अपराधियों ने 85 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कुमारडुंगी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इसी इलाके में इससे पहले भी इसी तरीके से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें शामिल आरोपी अब तक फरार हैं। पुलिस ने उनके घरों पर कुर्की-जब्ती नोटिस चिपकाया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों का प्रशासन पर से भरोसा उठता दिख रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय गिरोह व्यापारियों की गतिविधियों से पूरी तरह वाकिफ रहते हैं और मौके मिलते ही हमला बोल देते हैं। पुलिस पर कार्रवाई तेज करने और गश्त बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है।

Leave a Comment