मानगो NH-33 स्थित राम लक्ष्मण हनुमान मंदिर में चोरी, ध्वनि यंत्र और नगदी ले उड़े चोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : एनएच-33 के स्मार्ट बाजार के ठीक सामने स्थित राम लक्ष्मण हनुमान मंदिर में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर ध्वनि यंत्र (माइक सेट) और नगद राशि की चोरी कर ली। मंदिर समिति के मुख्य प्रबंधक दयाकांत तिवारी ने बताया कि बीती रात लगभग 10 बजे मंदिर का पट बंद कर सभी लोग घर चले गए थे। अगली सुबह मुख्य पुजारी सूर्यकांत पांडे जब मंदिर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए—मंदिर का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखा ध्वनि यंत्र का पूरा सेट और करीब ₹6000 नकद गायब थे।

घटना की सूचना पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी गई, जो तुरंत मंदिर स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल मानगो थाना को मामले की जानकारी दी।

विकास सिंह का तीखा बयान: “मानगो में भगवान भी सुरक्षित नहीं”

विकास सिंह ने कहा मानगो आज नशे का अड्डा और डेली लॉटरी का होलसेल मंडी बन चुका है। प्रशासन के तमाम निर्देशों के बावजूद अवैध गतिविधियाँ खुलेआम फल-फूल रही हैं। इसका सीधा असर अब धार्मिक स्थलों पर भी पड़ रहा है। चोरों ने अब इंसानों के बाद भगवान को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग पूरी तरह नाकाम है और लचर कानून व्यवस्था के कारण धार्मिक आस्था के केंद्र भी सुरक्षित नहीं बचे हैं। सिंह ने जिला प्रशासन से मंदिर के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से मंदिर सहित पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की माँग की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को भी अब ताले और सुरक्षा उपकरणों के भरोसे छोड़ देना बेहद चिंताजनक है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें