तेली साहू महासभा की आमसभा में वर्तमान कमेटी पर सवाल, ऑडिट रिपोर्ट और चुनाव की मांग तेज

SHARE:

Jamshedpur : साकची स्थित कुम्हारपाड़ा के जानकी भवन में रविवार को अखिल भारतीय तेली साहू महासभा की एक महत्वपूर्ण आमसभा आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के सदस्यों ने भाग लिया और वर्तमान जिला कमेटी के कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर चिंता जताई।

सदस्यों ने आरोप लगाया कि महासभा की जिला इकाई का कार्यकाल संविधान के अनुसार 3 वर्षों का होता है, लेकिन फरवरी 2020 में चुनी गई वर्तमान कमेटी अब 6 वर्ष से अधिक समय पूरा कर सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। इसके बावजूद अब तक न तो नए चुनाव कराए गए हैं और न ही किसी प्रकार का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है।

बैठक में वर्तमान अध्यक्ष राकेश साहू, कोषाध्यक्ष सुरेश साहू और महामंत्री पप्पू साहू पर आरोप लगाया गया कि वे न तो ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं और न ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। साथ ही समाज के भीतर वित्तीय अनियमितताओं और कार्यक्रमों के नाम पर चंदा उगाही के भी आरोप लगाए गए।

आमसभा में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। पहले प्रस्ताव के तहत वर्तमान कमेटी को निर्देश दिया गया कि वे 19 अप्रैल 2026 तक आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट चुनाव संचालन समिति के समक्ष प्रस्तुत करें।

दूसरे प्रस्ताव के तहत चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया, जिसमें हरिहर प्रसाद, द्वारिका प्रसाद, विनोद गुप्ता, शशिकांत महाराज, जवाहर साहू और प्रमोद साहू को शामिल किया गया। इस समिति के गठन का सभी सदस्यों ने स्वागत किया।

तीसरे प्रस्ताव में यह निर्णय लिया गया कि जब तक वर्तमान कमेटी द्वारा वित्तीय विवरण और ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाती, तब तक कोई भी सदस्य उन्हें चंदा नहीं देगा।

सभा में यह भी स्पष्ट किया गया कि जैसे ही ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, उसके तुरंत बाद संविधान के प्रावधानों के अनुसार नए चुनाव कराए जाएंगे। बैठक में मौजूद सदस्यों ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा कहा कि समाज के हित में निष्पक्ष और समयबद्ध चुनाव आवश्यक है।

Leave a Comment