उत्पाद सिपाही भर्ती में पेपर लीक के आरोप पर बवाल, भाजपा का साकची में प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की आशंका को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। रविवार को भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर कार्यकर्ताओं ने साकची बड़ा गोलचक्कर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह के नेतृत्व में किया गया। भाजपा कार्यकर्ता साकची स्थित जिला कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए पुतला लेकर गोलचक्कर पहुंचे और रास्ते भर सरकार विरोधी नारे लगाए।

इस मौके पर बबुआ सिंह ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता संदिग्ध हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान कुव्यवस्था के कारण 20 से अधिक अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने तमाड़ के परीक्षा केंद्र का जिक्र करते हुए बताया कि पेपर लीक गिरोह के संदेह में 164 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो इस पूरे मामले में संगठित साजिश की ओर इशारा करता है। भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से जवाब मांगा और परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

इस मौके पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, जटाशंकर पांडेय, कल्याण शरण, संजीव सिंह, जितेंद्र राय, विजय तिवारी, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, संजीत चौरसिया, धर्मेंद्र प्रसाद, सोनू ठाकुर, नीतीश कुशवाहा, सागर राय, नीलु मछुआ, प्रशांत पोद्दार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.