विश्व कैंसर दिवस पर टाटा स्टील यूआईएसएल ने स्वच्छता कर्मियों के लिए चलाया कैंसर जागरूकता अभियान, लगा चिकित्सा जांच शिविर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से स्वच्छता कर्मियों के लिए कैंसर जागरूकता अभियान के साथ-साथ एक विशेष चिकित्सा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उचित चिकित्सीय हस्तक्षेप के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

यह जागरूकता अभियान शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों—रामदास भट्टा डिपो, साकची थाना, जुबिली पार्क एवं जुबिली पार्क चौक—में आयोजित किया गया, जबकि चिकित्सा जांच शिविर रामदास भट्टा डिपो परिसर में लगाया गया। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से उन स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया गया, जो शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं।

इस पहल के अंतर्गत 100 से अधिक स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ कैंसर से जुड़ी प्रारंभिक जांच एवं परामर्श शामिल रहा। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए 400 से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा नियमित चिकित्सा जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

टाटा स्टील यूआईएसएल की यह पहल सामुदायिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शहर की स्वच्छता जितनी आवश्यक है, उतना ही महत्वपूर्ण स्वच्छता कर्मियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा भी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें