टाटा स्टील के अत्याधुनिक टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

2nd झारखंड स्टेट रैंकिंग चैंपियनशिप में अंशिका महाजन ने तीन खिताब जीते, पुरुष एकल में शत्रुंजय चक्रवर्ती चैंपियन

Jamshedpur  : खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में टाटा स्टील की ओर से एक और पहल करते हुए नवनिर्मित अत्याधुनिक टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम ने लाल पर्दा हटाकर और पट्टिका का अनावरण कर सेंटर का शुभारंभ किया।

इसी अवसर पर आयोजित 2nd झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भी समापन हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे उभरते खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के साथ मुकुल चौधरी, कैप्टन मनीष सिन्हा, ओ.पी. मिश्रा, जे.के. सिन्हा, समरजीत सिंह, प्रवेश नारंग, विवेक तुलस्यान (मेपल), सुदीप्तो मुखर्जी और कमलेश दुबे सहित खेल विभाग से जुड़े अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

अंशिका महाजन ने तीन वर्गों में जीते खिताब

चैंपियनशिप के महिला वर्ग तथा अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की अंशिका महाजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 फाइनल में उन्होंने पूर्वी सिंहभूम की ही स्वर्णली माजी को 3-1 से हराया।

अंडर-19 बालिका एकल के फाइनल में अंशिका ने रांची की सान्वी सिन्हा को 4-0 से शिकस्त दी। वहीं महिला एकल के फाइनल में उन्होंने धनबाद की सृजनी चटर्जी को भी 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

पुरुष एकल का फाइनल सबसे रोमांचक मुकाबलों में रहा। रांची के शत्रुंजय चक्रवर्ती ने पूर्वी सिंहभूम के मृण्मय प्रधान को कड़े संघर्ष में 4-3 से हराकर खिताब जीता।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया।

प्रमुख परिणाम

अंडर-15 बालिका एकल
फाइनल में स्वर्णली माजी (पूर्वी सिंहभूम) ने अनन्या साहा (पूर्वी सिंहभूम) को 3-1 से हराकर खिताब जीता।

अंडर-15 बालक एकल
अरित्रो डे (रांची) ने फाइनल में अलीशाद खान (रांची) को 3-1 से पराजित किया।

अंडर-17 बालिका एकल
अंशिका महाजन (पूर्वी सिंहभूम) ने स्वर्णली माजी (पूर्वी सिंहभूम) को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

अंडर-17 बालक एकल
अलीशाद खान (रांची) ने अर्थ घोष (रांची) को 3-0 से हराकर खिताब जीता।

अंडर-19 बालिका एकल
अंशिका महाजन (पूर्वी सिंहभूम) ने सान्वी सिन्हा (रांची) को 4-0 से हराया।

अंडर-19 बालक एकल
अर्णव अग्रवाल (हजारीबाग) ने अर्थ घोष (रांची) को 4-2 से हराकर खिताब जीता।

महिला एकल
अंशिका महाजन (पूर्वी सिंहभूम) ने सृजनी चटर्जी (धनबाद) को 4-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।

पुरुष एकल
शत्रुंजय चक्रवर्ती (रांची) ने मृण्मय प्रधान (पूर्वी सिंहभूम) को 4-3 से हराकर खिताब जीता।

अंडर-15 से लेकर सीनियर वर्ग तक हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणामों ने राज्य में टेबल टेनिस की उभरती प्रतिभाओं और विभिन्न जिलों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को भी सामने रखा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें