Jamshedpur : पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम के सदस्य और नेवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के कैडेट्स आशीष तानी पुती तथा प्रेमचंद सोय को शुक्रवार को टाटा स्टील ने सम्मानित किया। जापान के काकामिगाहारा में आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल देश, बल्कि झारखंड और जमशेदपुर का भी नाम रोशन किया है।
एनटीएचए, जमशेदपुर में आयोजित सम्मान समारोह में खेल जगत से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि और अकादमी के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
भारतीय टीम ने एशिया कप के फाइनल मुकाबले में मेजबान जापान को 4-1 से पराजित कर दस वर्षों बाद अंडर-18 एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत में एनटीएचए के दोनों खिलाड़ियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।
समारोह को संबोधित करते हुए टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि आशीष और प्रेमचंद की सफलता जमशेदपुर की समृद्ध खेल संस्कृति, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत तथा प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार निवेश और प्रयास कर रहा है।
टूर्नामेंट में झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आशीष तानी पुती ने शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक गोल किए और प्रतियोगिता के शीर्ष स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं मिडफील्डर प्रेमचंद सोय ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और प्रभावशाली खेल दिखाते हुए भारतीय टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
टाटा स्टील ने इस अवसर पर अपनी खेल अकादमियों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक आधारभूत सुविधाएं और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है। कंपनी ने भविष्य में भी युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों के विकास और सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कोचिंग एवं सहयोगी स्टाफ के प्रयासों की भी सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए शुभकामनाएं दीं।









