Jamshedpur : Tata Steel Foundation ने Tata STRIVE और Bajaj Auto के सहयोग से भालूबासा कम्युनिटी सेंटर में एक नए स्किल सेंटर का उद्घाटन किया। यह केंद्र समाज के वंचित वर्गों से आने वाले बेरोजगार युवाओं के लिए तीन माह का टू-व्हीलर सर्विस टेक्नीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करेगा।
बजाज ऑटो द्वारा वित्तपोषित तथा टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा बुनियादी अवसंरचना उपलब्ध कराए जाने के साथ यह पहल युवाओं को ऑटोमोबाइल क्षेत्र में उद्योग आधारित कौशल और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर बजाज ऑटो के वाइस प्रेसिडेंट (सीएसआर) सुधाकर गुडिपति, सर्किल हेड लीलाधर, टाटा स्ट्राइव के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमेया वंजारी, हेड–पार्टनरशिप राजर्षि मुखर्जी, लीड–पार्टनरशिप राजदीप साहा, टाटा स्टील फाउंडेशन के हेड–स्किल डेवलपमेंट कैप्टन अमिताभ सहित जमशेदपुर, चांडिल और चाईबासा के बजाज सर्विस सेंटर के डीलर उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10वीं उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए तैयार किया गया है। इसमें तीन माह का गहन कौशल विकास प्रशिक्षण तथा एक माह का ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) शामिल है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा और उन्हें ऑटोमोबाइल क्षेत्र में नौकरी या स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में सहायता दी जाएगी।
स्किल सेंटर का लक्ष्य प्रतिवर्ष 80 से 100 युवाओं को प्रशिक्षित करना है, साथ ही न्यूनतम 80 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। इस पहल के माध्यम से युवाओं के लिए स्थायी और सम्मानजनक आजीविका के अवसर सृजित करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह संयुक्त पहल टाटा स्टील फाउंडेशन, टाटा स्ट्राइव और बजाज ऑटो की रोजगार क्षमता बढ़ाने, प्रतिभा को निखारने और समुदाय में सतत आजीविका को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। स्किल सेंटर को सीखने, विकास और नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है, ताकि युवा वर्तमान प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में सफल हो सकें।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन और फीता काटकर बजाज STEP लैब का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण, बजाज STEP कार्यक्रम पर प्रस्तुति, विशिष्ट अतिथियों के संबोधन तथा प्रशिक्षुओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन और समूह छायाचित्र के साथ हुआ।









