उत्कृष्ट सेवा के लिए जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम सम्मानित, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने जताया आभार

SHARE:

Jamshedpur : रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा और योगदान के लिए टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की ओर से जमशेदपुर ब्लड बैंक की पूरी टीम को सम्मानित किया गया। शनिवार को जमशेदपुर ब्लड बैंक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में ब्लड बैंक के चिकित्सकों, पदाधिकारियों, पारा मेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों को सम्मान प्रदान किया गया।

गौरतलब है कि गत 3 मार्च को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने संस्थापक दिवस के अवसर पर जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से एक ही दिन में 3140 यूनिट रक्त संग्रह कर कीर्तिमान स्थापित किया था। इसी उपलब्धि के लिए यूनियन की ओर से ब्लड बैंक टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने संयुक्त रूप से ब्लड बैंक की टीम को सम्मानित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक की चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन ने कहा कि टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा हर वर्ष इस तरह का आयोजन कर ब्लड बैंक कर्मियों का उत्साहवर्धन किया जाता है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि यूनियन रक्तदान के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रही है और इसे आगे भी जारी रखा जाना चाहिए।

यूनियन महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि जमशेदपुर ब्लड बैंक की सेवा भावना और कार्यशैली ने उसे अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान अभियान की सफलता में ब्लड बैंक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड बैंक की सचिव नलिनी राममूर्ति, जीएम संजय चौधरी, टाटा मोटर्स के डीजीएम सीएसआर एलेन जोसेफ, वरीय प्रबंधक ईआर आंचल सिंहा, यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी मेंबर एवं ब्लड बैंक के कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें