टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग में वार्षिक बोनस समेत मेडिकल सेवा पर हुई चर्चा; सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि
Jamshedpur : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग यूनियन सभागार में आयोजित हुई। बैठक में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह सहित यूनियन के तमाम पदाधिकारी एवं कमेटी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में वार्षिक बोनस समेत कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कमेटी सदस्यों और यूनियन पदाधिकारियों ने बारी-बारी से बोनस, मेडिकल सेवा सहित अन्य विषयों को लेकर अपने सुझाव रखे। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि यूनियन कर्मचारियों के हित में बेहतर बोनस हासिल करने के लिए सक्षम है और इसके लिए पूरी मजबूती से प्रयास किया जाएगा।
महामंत्री आरके सिंह ने हाल में आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कमेटी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूनियन कर्मचारियों के हितों के लिए बनी है। सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों से मिलने वाली सराहना को उन्होंने यूनियन के लिए आशीर्वाद और नई ऊर्जा बताया।
आरके सिंह ने कहा कि समय पर बोनस सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों एवं कमेटी सदस्यों से मिले तमाम सुझावों को सूचीबद्ध कर प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा। बोनस को लेकर प्रबंधन के साथ वार्ता जल्द शुरू होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का यूनियन पर जो भरोसा है, उस पर संगठन हरसंभव खरा उतरने का प्रयास करेगा।
बैठक को यूनियन के अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कमेटी मीटिंग का समापन हुआ।
सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि
झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन परिवार ने गहरा शोक व्यक्त किया। यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह सहित पदाधिकारियों एवं कमेटी सदस्यों ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और एक मिनट का मौन रखा।

















