दो पिस्टल, गोली, चाकू, दाउली, हथौड़ी, तीन बाइक और सात मोबाइल बरामद; तीन हालिया लूटकांडों का भी खुलासा
Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चौका थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार, जिंदा गोली, तीन मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन समेत वारदात में इस्तेमाल अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने चौका थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया।
बंद पड़े स्कूल में जुटे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र के मटकमडीह स्थित टोला चुटियाखाल के बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी एकत्रित होकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो पिस्टल समेत हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में मोनसा सिंह मुंडा निवासी बारुहातु, कुचाई, चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा निवासी मेरोमजनगा, कुचाई, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा और सोमा मुंडा उर्फ करपा, तीनों निवासी बारसीडा, चौका तथा रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा निवासी मुटुदा, चौका शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक जिंदा गोली (KF 7.65), लोहे का चाकू, दाउली, लोहे की हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिलें—स्प्लेंडर, करिज्मा और अपाचे—सात मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हेलमेट और टी-शर्ट बरामद किए हैं।
तीन हालिया लूटकांडों में संलिप्तता का दावा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने 19 अगस्त को बनसा स्थित शराब दुकान में लूट के प्रयास, उसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल एवं नकद लूट तथा 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में दो मोबाइल फोन की छिनतई की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इन घटनाओं में लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद करने का दावा किया है।
चौका थाना में कांड संख्या 39/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

















