बोनस समझौते के बाद टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन नेतृत्व का जोरदार स्वागत, एकजुटता बनाए रखने पर दिया जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बोनस समझौते के बाद शनिवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का टाटा मोटर्स के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। इंजन डिवीजन, प्लांट वन तथा फाइव थाउजेंड विभाग में आयोजित कार्यक्रमों में कर्मचारियों ने दोनों नेताओं को अंगवस्त्र एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान ट्रेनिंग के प्रशिक्षुओं ने भी यूनियन नेतृत्व का स्वागत किया।

शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे इंजन डिवीजन में आयोजित स्वागत समारोह में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका स्नेह, प्यार और एकजुटता यूनियन को मजदूरहित में फैसले लेने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि संशय के बीच बोनस समझौते में भी बेहतर परिणाम सामने आया है। आने वाले दिनों में मजदूर हित में और बेहतर परिणाम तभी संभव होंगे, जब कर्मचारी अपनी एकता बनाए रखेंगे।

महामंत्री आरके सिंह ने कर्मचारियों को बोनस समझौते की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स के करीब 8,000 कर्मचारियों को बोनस का लाभ दिलाने के साथ नए बच्चों के कंपनी में प्रवेश का रास्ता भी निकाला गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी नए रास्ते बनाए जाएंगे, बशर्ते सभी एकजुट होकर काम करते रहें।

आरके सिंह ने पूर्व के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कर्मचारियों को भ्रमित करने वालों से सावधान रहने और वर्तमान नेतृत्व पर भरोसा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान यूनियन ने मजदूरहित में ऐसे समझौते किए हैं, जिससे किसी कर्मचारी के साथ अनहोनी होने की स्थिति में उसके परिवार को सुविधाओं के लिए नेताओं के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिस्टम के तहत निर्धारित सुविधाएं स्वत: उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बोनस का प्रतिशत और बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने कंपनी के आगामी लक्ष्यों का जिक्र करते हुए कर्मचारियों से सुरक्षा और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए उत्पादन लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रबंधन के समक्ष मजदूरों की उचित मांगों को समय पर मजबूती से रखा जा सकेगा।

कार्यक्रम का संचालन उत्तम गुहा ने किया, जबकि स्वागत भाषण सीके सिंह ने दिया। समारोह में प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

इसके बाद प्लांट वन में भी अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का कर्मचारियों ने स्वागत किया। यहां बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अली राजा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लखन पाल सिंह ने किया।

वहीं, फाइव थाउजेंड विभाग में भी यूनियन अध्यक्ष और महामंत्री का स्वागत किया गया। यहां कर्मचारियों ने दोनों नेताओं को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। तीनों विभागों में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों के दौरान कर्मचारियों ने बोनस समझौते के बाद यूनियन नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन जताया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें