Noamundi:डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत आयोजित अंडर-17 कराटे प्रतियोगिता में टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी की होनहार छात्रा एवं कराटे चैम्पियन आस्था सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड–एल जोन की पहचान को मजबूती दी है। नई दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में आस्था ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
आस्था सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रशांत कुमार भूयान ने इस सफलता का श्रेय डी.ए.वी. झारखंड–एल जोन की क्षेत्रीय निदेशक सुश्री रेखा कुमारी एवं राष्ट्रीय निदेशक डॉ. वीर सिंह को देते हुए कहा कि “डी.ए.वी. नोवामुंडी प्रतिभाओं को तराशने की एक जीवंत प्रयोगशाला है, और आस्था की यह उपलब्धि उसी परंपरा का एक गौरवशाली उदाहरण है।”
प्राचार्य ने आगे कहा कि आस्था ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे झारखंड–एल जोन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच दिया है।
इस सफलता के लिए प्राचार्य ने टाटा स्टील प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सहयोग की भी सराहना की। टाटा स्टील के महाप्रबंधक श्री देबाशीष जेना एवं नोवामुंडी प्रमुख श्री डी. विजयेन्द्र ने आस्था की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय में उत्कृष्ट पठन-पाठन के साथ-साथ खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष बल दिया जाता रहा है, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय मंच पर देखने को मिला। आस्था की इस सफलता ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग से छात्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
आस्था की इस उपलब्धि में विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक हर्ष धनवार एवं टीम नियंत्रक जे. रमा का मार्गदर्शन और सहयोग भी अत्यंत सराहनीय रहा, जिसे विद्यालय परिवार ने अविस्मरणीय बताया।









