Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत पोस्तो नगर में पिछले एक सप्ताह से जारी पेयजल संकट का समाधान आखिरकार हो गया। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की पहल और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शिव मंदिर के समीप नया सबमर्सिबल पंप स्थापित कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, पुराने सबमर्सिबल पंप के जल जाने के कारण पोस्तो नगर के लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। हालात ऐसे बन गए थे कि कई परिवारों को पीने के पानी की व्यवस्था खरीदकर करनी पड़ रही थी। लगातार बढ़ती परेशानी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता से हस्तक्षेप की मांग की।
समस्या की गंभीरता को समझते हुए सुनील गुप्ता ने गुरुवार को ग्रामीणों के साथ प्रभारी अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार से मुलाकात की और स्थानीय लोगों के हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र सौंपा। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल पदाधिकारी ने पंचायत सचिव को तत्काल नया सबमर्सिबल पंप लगाने का निर्देश दिया।
प्रशासनिक निर्देश के बाद शनिवार को शिव मंदिर के समीप डेढ़ एचपी क्षमता का नया सबमर्सिबल पंप स्थापित कर दिया गया। पंप के चालू होते ही क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो गई और लोगों को पानी के लिए हो रही परेशानी से राहत मिल गई।
स्थानीय निवासियों ने त्वरित कार्रवाई और समस्या के समाधान के लिए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की सक्रिय भूमिका की सराहना की। लोगों ने कहा कि समय रहते पहल नहीं होती तो पेयजल संकट और गहरा सकता था।
इस अवसर पर समाजसेवी पवन श्रीवास्तव, रोशन शर्मा, आदित्य पासवान, बादल सिंह, मुन्ना शर्मा, सत्येंद्र प्रसाद, भोला भगत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हुए त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया।









