Manoharpur : संत अगस्तिन दिवस एवं विद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को संत अगस्तिन स्कूल मैदान में वार्षिकोत्सव सह खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनोहरपुर विधायक जगत मांझी ने ध्वजारोहण और मशाल प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परेड मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी।
समारोह से पूर्व विधायक जगत मांझी, जमशेदपुर डायसिस के रेव. फा. मार्कस मुखी, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव सहित अन्य अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। स्वागत भाषण में डायसिस के चेयरमैन सह रेव. फा. एंजेल कंडुलना ने संत अगस्तिन के जीवन, उनके विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों की सफलता की जानकारी भी साझा की।
मुख्य अतिथि विधायक जगत मांझी ने खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। विद्यार्थियों के अच्छे परिणाम शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की मेहनत का परिणाम हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बेहतर प्रदर्शन कर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में रेव. फा. एम. किंबो, रेव. फा. प्रेमबरदान टोप्पो, एसडीपीओ डेविड ए. डोडराई, पुलिस निरीक्षक अमित रौशन कुल्लू, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा, मुखिया ज्योतिष ओड़िया, संजय डुंगडुंग, मेन्सन टोपनो, इरुश खाखा, संतोष पांडे, अजहर अली, विक्रम सिंह, चंचल रवानी चीकू, निखिल शाह, बुतरू खलखो समेत कई गणमान्य लोग, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष नाग ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एस. भुईया ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

















