श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र का 139वां जन्म महोत्सव 16 सितंबर को, सत्संग विहार टाटानगर में होंगे विविध कार्यक्रम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सत्संग विहार टाटानगर, न्यू काशीडीह बगान एरिया-3, साकची में परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र का 139वां जन्म महोत्सव 16 सितंबर, बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन परम पूज्यपाद श्री श्री आचार्य देव के आशीर्वाद एवं परम पूजनीय श्री श्री अबिन दा के दिशा-निर्देश में आयोजित होगा।

सत्संग विहार टाटानगर ने श्रद्धालुओं से परिवार एवं बंधु-बांधवों के साथ महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है। आयोजन की शुरुआत तड़के 4.15 बजे वेद मांगलिकी एवं शहनाई वादन से होगी। इसके बाद 4.30 बजे उषा कीर्तन और 5.27 बजे प्रातःकालीन समवेत विनती-प्रार्थना एवं पवित्र धर्मग्रंथों का पाठ होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी।

सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा का विषय ‘परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का दिव्य जीवन एवं भावधारा’ रखा गया है। वहीं, दोपहर 12.30 बजे से 3 बजे तक भंडारा आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। दोपहर 2 बजे से शाम 4.15 बजे तक संगीतांजलि का कार्यक्रम होगा।

शाम 5.44 बजे संध्याकालीन समवेत विनती-प्रार्थना एवं धर्मग्रंथों का पाठ तथा 6.15 बजे तुमुल नाम संकीर्तन के साथ जन्म महोत्सव के कार्यक्रमों का समापन होगा। इसके अलावा डीपी वर्क का कार्य सुबह 9 बजे से संध्या प्रार्थना तक जारी रहेगा।

आयोजकों के अनुसार, श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र ने यजन, याजन, इष्टभृति, स्वस्तयनी एवं सदाचार को जीवन निर्माण का आधार बताया। उनके विचारों में प्रेम, विनय, विश्वास, ज्ञान, सरल साधुता तथा सद्गुरु के आदेश का पालन मनुष्य के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। उनके अनुयायी सत्संग को मनुष्य निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया के रूप में देखते हैं।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। भंडारा एवं अन्य आयोजनों के लिए अर्घ्य तथा खाद्य सामग्री भी सादर स्वीकार की जाएगी।

इस अवसर पर दिलीप कुमार मिश्रा, मदन महतो, एच.के. महतो, कृष्णा प्रसाद, अजय पांडे, शंकर राव, दुर्गानंद झा, उत्तम सरकार, लालू, गौर पाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें