Municipal Elections 2026 : एमसीएमसी कमिटी के दायित्वों को लेकर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार नगरपालिका निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय सभागार में मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमिटी (MCMC) के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर प्रभाशंकर तिवारी एवं तरुण कुमार सिंह ने MCMC कमिटी की भूमिका, दायित्व एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव अवधि के दौरान राजनैतिक विज्ञापनों के प्रकाशन से पूर्व उनका प्रमाणीकरण, पेड न्यूज की पहचान एवं उस पर नियंत्रण, साथ ही संबंधित उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों के व्यय खाते में विज्ञापन खर्च जोड़ना MCMC की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।

प्रशिक्षण में सोशल मीडिया के माध्यम से किए जाने वाले चुनाव प्रचार के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों, विज्ञापन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया, आवेदकों द्वारा प्रस्तुत विज्ञापन सामग्री की स्क्रूटनी, निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन, तथा प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अलावा विज्ञापनों से संबंधित व्यय विवरण को व्यय कोषांग को प्रेषित कर उम्मीदवार अथवा राजनीतिक दल के व्यय खाते में जोड़ने, साथ ही निर्वाचन आयोग को भेजे जाने वाले दैनिक एवं साप्ताहिक प्रतिवेदन की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सोशल मीडिया प्रसार पदाधिकारी, MCMC कमिटी के सभी सदस्य एवं कर्मी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें