Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु के स्वागत-अभिनंदन समारोह में बुधवार को कांग्रेसजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस भवन में आयोजित समारोह में जिलेभर से पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जुटे।
कार्यक्रम की शुरुआत पोस्ट ऑफिस चौक से निकले स्वागत जुलूस से हुई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकला जुलूस शहीद राम भगवान केरकेट्टा की प्रतिमा और शहीद स्मारक पहुंचा, जहां कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जुलूस कांग्रेस भवन पहुंचा, जहां स्वागत समारोह आयोजित हुआ।
कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सोनाराम सिंकु का पुष्पगुच्छ, माला और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए सिंकु ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन की मजबूती और जनता के मुद्दों की लड़ाई उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए अभियान चलाने की बात कही।
प्रदेश महासचिव सुनीत शर्मा और जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने गांव से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
समारोह को पूर्व विधायक देवेंद्र नाथ चाम्पिया, मायाधर बेहरा, राम सिंह सावैयां, नितिमा बारी, अम्बर राय चौधरी, राजेश शुक्ला, कैरा बिरुवा, अनुप्रिया सोय, मासूम रजा, रितेश तामसोय, बुधराम पूर्ति, दिकु सावैयां, ललित दोराईबुरु, सीताराम गोप और लक्ष्मण हासदा समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
मौके पर जय प्रकाश महतो, सैमसन सुंडी, पूरेन्द्र हेम्ब्रम, रंजीत यादव, इम्तियाज खान, कविश रजा, अशरफुल होदा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

















