छऊ महोत्सव में गूंजेगी सोना महापात्रा की आवाज, 12 अप्रैल को सरायकेला में देंगी प्रस्तुति

SHARE:

Adityapur : सरायकेला के ऐतिहासिक राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में आयोजित होने वाले आगामी ‘छऊ महोत्सव’ को लेकर संगीत प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ओडिशा की सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका सोना महापात्रा 12 अप्रैल को इस महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देंगी।

अपने लोकप्रिय गीतों और दमदार आवाज के लिए जानी जाने वाली सोना महापात्रा का इस महोत्सव में शामिल होना आयोजन को खास बना रहा है। राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के विशेष आग्रह पर उन्होंने कार्यक्रम में आने का निमंत्रण स्वीकार किया है।

ओडिशा में जन्मीं सोना महापात्रा ने सीईटी भुवनेश्वर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक और सिम्बायोसिस, पुणे से एमबीए की पढ़ाई की है। उन्होंने टीवी शो सत्यमेव जयते के माध्यम से “मुझे क्या बेचेगा रुपैया” और “बेखौफ आज़ाद” जैसे गीतों से व्यापक लोकप्रियता हासिल की थी। इसके अलावा उनका ‘रंगवती’ गीत भी देश-विदेश में काफी चर्चित रहा है।

महोत्सव के दौरान सोना महापात्रा अपने चर्चित गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगी। उनके आगमन से न केवल स्थानीय बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है।

जिला प्रशासन और छऊ नृत्य कला केंद्र इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं।

Leave a Comment