मनोहरपुर में मलेरिया उन्मूलन को लेकर प्रशिक्षण, ‘मलेरिया अंगरक्षक’ तैयार; अब होगी बीमारी पर सख्त वार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : सघन मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तृतीय चरण के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य मलेरिया के खिलाफ जमीनी स्तर पर मजबूत रणनीति तैयार करना और समुदाय को जागरूक बनाना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य स्वयंसेवकों को मलेरिया की रोकथाम, पहचान और समय पर उपचार से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें इस प्रकार प्रशिक्षित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में “मलेरिया अंगरक्षक” के रूप में कार्य करते हुए लोगों को जागरूक कर सकें और बीमारी के प्रसार को रोकने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने मलेरिया नियंत्रण के लिए समय पर जांच और उपचार की महत्ता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बीपीएम अनुज कुमार, बीडीएम संदीप दत्ता, एमपीडब्ल्यू दुलीचंद महतो तथा सीनी संस्था के ब्लॉक कॉर्डिनेटर संजीव कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने बताया कि मलेरिया उन्मूलन के लिए सामुदायिक भागीदारी बेहद जरूरी है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों को न केवल तकनीकी जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें व्यवहारिक स्तर पर कार्य करने के लिए भी तैयार किया गया।

कार्यक्रम के अंत में यह विश्वास जताया गया कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाकर मलेरिया उन्मूलन अभियान को गति देंगे और “अब होगी मलेरिया पर वार” की सोच को साकार करेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.