जगरनाथ पुरी घूमने निकले दो नाबालिगों में एक बरामद, दूसरे की तलाश जारी

SHARE:

Adityapur : सरायकेला थाना अंतर्गत सीनी ओपी क्षेत्र के गोपालपुर गांव से 26 मार्च को बिना किसी को बताए घर से घूमने निकले दो नाबालिगों में से एक को सीनी ओपी पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं दूसरे नाबालिग की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी और खोजबीन कर रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि गोपालपुर निवासी रोहित पूरती का 13 वर्षीय पुत्र राज पूरती और सोनू सरदार का 15 वर्षीय पुत्र सूरज सरदार 26 मार्च को घर से बिना बताए जगन्नाथ पुरी घूमने के लिए निकल गए थे। बच्चों के अचानक गायब होने से चिंतित परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर सीनी ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया।

इसी बीच जानकारी मिली कि दोनों नाबालिग जगन्नाथ पुरी घूमने के बाद कहीं और जाने की मंशा से ट्रेन में सवार हो गए थे। रास्ते में एक स्टेशन (कोर्स स्टेशन) पर ट्रेन रुकने के दौरान राज पूरती शौच के लिए नीचे उतरा। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन को जाता देख राज ने दौड़कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन स्टेशन पर मौजूद लोगों ने खतरे को भांपते हुए उसे रोक लिया और जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने पूछताछ के बाद उसके पिता रोहित पूरती को सूचना दी, जिसके बाद वे उसे सकुशल घर ले आए।

वहीं दूसरा नाबालिग सूरज सरदार ट्रेन से आगे निकल गया। ओपी प्रभारी ने बताया कि सूरज सरदार की बरामदगी के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। उसके फोटो के पंपलेट छपवाकर विभिन्न स्थानों पर चस्पा किए जा रहे हैं तथा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी सूरज सरदार दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें, ताकि उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Comment