Seraikela:समाहरणालय परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता की सुविधा के लिए गुरुवार को 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक कैंटीन का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में सरायकेला विधायक के प्रतिनिधि सनंद आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिलान्यास के दौरान सनंद आचार्य ने कहा कि लंबे समय से समाहरणालय में कार्यरत कर्मचारियों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को चाय-नाश्ते और भोजन के लिए बाहर जाना पड़ता था, जिससे समय और सुविधा दोनों में परेशानी होती थी। लेकिन अब कैंटीन बनने के बाद परिसर में ही स्वच्छ और उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि कैंटीन में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी वर्गों की जरूरतों को पूरा किया जा सके। यह पहल आम लोगों की सुविधा और कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।









