Adityapur:नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत सरायकेला-खरसावां के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला स्थित काशी साहू महाविद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र का अवलोकन किया तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की प्रगति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मतगणना और सामग्री वितरण के दौरान सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने निर्वाचन सामग्रियों की पैकेजिंग प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्री अनिवार्य रूप से शामिल की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
प्रशासन द्वारा की जा रही इन तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।









