सरायकेला में ACB की बड़ी कार्रवाई: 1.48 करोड़ मुआवजे के बदले 40 लाख घूस मांगने वाला बड़ा बाबू 5 लाख लेते गिरफ्तार

SHARE:

Seraikela:भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने सोमवार को सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय स्थित भू-अर्जन कार्यालय में छापेमारी कर प्रधान लिपिक प्रीतम आचार्य को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में गम्हारिया प्रखंड से जमीन दलाल विनय तिवारी को भी गिरफ्तार किया गया है।

मामला चांडिल प्रखंड के धुनाबुरु क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पावर ग्रिड प्रोजेक्ट के लिए गुरुचरण सिंह सरदार की जमीन अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले उन्हें 1 करोड़ 48 लाख रुपये का मुआवजा मिलना था। आरोप है कि मुआवजा राशि की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में प्रीतम आचार्य ने दलाल के माध्यम से 60 लाख रुपये की घूस की मांग की, जो बाद में 40 लाख रुपये पर तय हुई।

पीड़ित द्वारा पहले 20-20 लाख रुपये के दो चेक दिए गए थे, लेकिन आरोपी ने नकद राशि की मांग करते हुए चेक लौटा दिए। भ्रष्टाचार से परेशान होकर पीड़ित ने ACB में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाया। सबसे पहले विनय तिवारी को पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर टीम समाहरणालय पहुंची। जैसे ही गुरुचरण सिंह ने पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपये प्रीतम आचार्य को दिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। फिलहाल ACB दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस पूरे अभियान का नेतृत्व इंद्रदेव राम कर रहे थे।

Leave a Comment

और पढ़ें