सरयू राय ने उपायुक्त को लिखा पत्र, जेएएनसी और मानगो की योजनाएं जल्द शुरू कराने की मांग

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और मानगो नगर निगम क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

अपने पत्र में उन्होंने कहा कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति में उनकी अनुशंसा पर जिला योजना चयन समिति से स्वीकृत 50 योजनाएं अब तक लंबित पड़ी हैं। इन योजनाओं का निविदा निष्पादन हो चुका है और 14 मार्च 2026 को शिलान्यास भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

इसी तरह मानगो नगर निगम क्षेत्र में भी उनकी अनुशंसा पर स्वीकृत 81 योजनाओं का 30 दिसंबर 2025 को शिलान्यास किया गया था, परंतु इन योजनाओं का क्रियान्वयन अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है।

सरयू राय ने यह भी उल्लेख किया कि लगभग 3 करोड़ 32 लाख 47 हजार रुपये की पांच योजनाएं ऐसी हैं, जिनका प्राक्कलन और तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन नगर विकास विभाग में प्रशासनिक स्वीकृति के अभाव में वे लंबे समय से अटकी हुई हैं।

उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर इन योजनाओं का क्रियान्वयन शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और आम जनता को इसका लाभ मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें