नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की मुहिम तेज

SHARE:

Adityapur  : नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की मुहिम तेज हो गई है। इस अभियान में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, विभागीय अधिकारी के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों ऐसा ही सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां शिक्षक अपने-अपने पोषक क्षेत्र में जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक कर रहे हैं, वहीं नगर पंचायत के नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं।

नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि के नेतृत्व में सभी वार्ड पार्षद अपने-अपने वार्ड क्षेत्र के बच्चों का नामांकन नजदीकी विद्यालयों में सुनिश्चित करा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वार्ड संख्या 3 की वार्ड पार्षद ज्योति साहू बालक मध्य विद्यालय, सरायकेला पहुंचीं। विद्यालय की प्रभारी कंचन कुमारी सिन्हा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

वार्ड पार्षद ज्योति साहू ने वार्ड क्षेत्र के गुटूसाई के दो बच्चों का नामांकन कराया और उन्हें पुस्तक भेंट करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के लिए शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। शिक्षा ऐसा धन है जिसका कभी बंटवारा नहीं हो सकता। बिना शिक्षा के मनुष्य पशु के समान होता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका रीना सेठी, मौसमी मन्ना, डोली दास, शिक्षक अनिल कुमार मिश्रा, धीरज कुमार सिंह, सीआरपी राजेंद्र नंदा सहित बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment