Adityapur:आगामी नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिचालन के खिलाफ जिलेभर में सघन छापामारी एवं रात्रि गश्ती अभियान चलाया।
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चलाए गए इस
अभियान के तहत सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर मुड़िया ग्राम के समीप संदेह के आधार पर एक नीले रंग के डाला टेम्पो को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से दो बड़े झोलों में कुल 54.705 लीटर विभिन्न प्रकार की नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं उनके सहयोगी संजय कुमार बेहरा को मौके से गिरफ्तार कर वाहन को जप्त कर लिया गया।
इसके अलावा गम्हरिया और आदित्यपुर थाना क्षेत्रों के उदयपुर, बास्कोनगर और भाटिया बस्ती में की गई छापामारी के दौरान कुल चार अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब और 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें से एक अभियुक्त के पास अवैध विदेशी शराब की 60 बोतलें (कुल 45 लीटर) पाई गईं।
भाटिया बस्ती, आदित्यपुर से गिरफ्तार अभियुक्त राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं कृति कुमार साहु और संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। शेष अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव से पूर्व जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।









