कपाली के ताज नगर में बंद बाउंड्री के भीतर 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद, इलाके में दहशत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:सरायकेला जिले के कपाली नगर परिषद अंतर्गत ताज नगर वार्ड संख्या 13 में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद बाउंड्री के भीतर 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद किया गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान मोहम्मद साबिर के रूप में हुई है, जो गरीब कॉलोनी का निवासी था और बावन गोड़ा स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे कुछ युवक जब गेंद तलाशने के लिए बाउंड्री के भीतर घुसे, तभी उन्होंने किशोर का शव देखा। इसके बाद शोर मचाया गया, जिससे देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके की बारीकी से छानबीन की और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
मृतक के पिता मोहम्मद समीर ने बताया कि उनका बेटा 25 दिसंबर से लापता था। परिजनों ने हर संभावित जगह पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 26 दिसंबर को कपाली ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स भी खंगाल रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.