सरायकेला में स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण तेज, DC के निर्देश पर बीडीओ-सीओ ने परखी व्यवस्थाएं

SHARE:

Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारियों (सीओ) द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने केंद्रों में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं की स्थिति, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया।

इसके साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए उन्हें निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। जनरेटर और इनवर्टर की कार्यशीलता, एंबुलेंस की उपलब्धता, एएनएम एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति, रोस्टर अनुपालन, ओपीडी/आईपीडी संचालन, लैब जांच सुविधाएं और आवश्यक उपकरणों की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुलभ, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा गुणवत्ता, जवाबदेही और समयबद्ध उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Comment

और पढ़ें