सरायकेला के दावना गांव में युवक ने की आत्महत्या, पोस्टमार्टम में देरी पर परिजनों का हंगामा

SHARE:

Seraikela:सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में शनिवार को एक 22 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुमारेश कुमार दास के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी सुभाष चंद्र दास के मझले पुत्र थे।

मिली जानकारी के अनुसार, कुमारेश बीती रात खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। सुबह करीब 3 बजे वे शौच के लिए उठे और फिर कमरे में लौटकर सोने चले गए। काफी देर तक जब वे नहीं उठे, तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा, जहां उनका शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।

परिजनों द्वारा तुरंत स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुमारेश सरायकेला स्थित काशी साहू कॉलेज में बीए पार्ट थर्ड के छात्र थे। आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

घटना के बाद प्रारंभ में गांव में ही अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, लेकिन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मामले की सूचना दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

हालांकि, शव को अस्पताल पहुंचाने में देर होने के कारण शाम 5:30 बजे तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब पोस्टमार्टम रविवार सुबह 9 बजे किया जाएगा।

पोस्टमार्टम में देरी से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल शव को अस्पताल के जनरल रूम में सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें