Seraikela:सरायकेला के भाटिया बस्ती स्थित कुंज विहार बिल्डिंग के सामने एक महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, स्ट्रीट डॉग्स को भोजन देने के दौरान हुए विवाद में महिला को गंभीर रूप से पीटा गया।
पीड़िता की पहचान संजू कुमारी वर्मा उर्फ संजू दत्ता के रूप में हुई है, जिन्हें आरोपी शशांक सिंह द्वारा कथित तौर पर मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता ने आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब महिलाएं अपने ही घर और आसपास सुरक्षित नहीं हैं, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








