झारखंड विधानसभा सत्र के दौरान राजद प्रदेश कार्यालय का घेराव करेंगे सकला मार्डी, संगठन में अनदेखी पर जताई नाराजगी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सरायकेला/रांची।
झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आंतरिक संगठनात्मक मामलों को लेकर एक बार फिर विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं। सरायकेलाखरसावाँ जिला से सक्रिय राजद नेता सकला मार्डी ने खुद को जिला अध्यक्ष नहीं बनाए जाने से आहत होकर राजद प्रदेश कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। यह घेराव आगामी 1 से 7 अगस्त के बीच चलने वाले झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान रांची में पार्टी मुख्यालय के समक्ष किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान सकला मार्डी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें षड्यंत्रपूर्वक जिलाध्यक्ष बनने से रोका गया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर कुछ लोगों द्वारा उनके खिलाफ साजिश रची गई है और संगठनात्मक लोकतंत्र को दरकिनार कर जातीय और गुटीय आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं।सकला मार्डी ने स्पष्ट किया कि वे केवल पद के लिए नहीं, बल्कि न्याय और पारदर्शिता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा:
“मैं किसी पद की लालसा नहीं रखता, लेकिन अगर मेरी अनदेखी साजिश के तहत हुई है तो उसका विरोध करना मेरा अधिकार है। यह आंदोलन केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि सभी आदिवासी कार्यकर्ताओं के सम्मान की लड़ाई है।”

उन्होंने घोषणा की कि रांची में घेराव के दौरान वे षड्यंत्रकारियों के नाम सार्वजनिक करेंगे और राजद में हो रही संगठनात्मक गिरावट को उजागर करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही पटना जाकर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मिलेंगे और झारखंड इकाई में चल रही गतिविधियों से उन्हें अवगत कराएंगे।सकला मार्डी ने राजद की मूल विचारधारा को जनजातीय समुदायों तक पहुँचाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि
“लालू यादव की राजनीति ने हमेशा वंचितों को आवाज दी है। मैं उस आवाज को जनजातीय समाज तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ, चाहे इसके लिए मुझे कोई भी कीमत चुकानी पड़े।

प्रेस वार्ता में उपस्थित : सुनील मुर्मू, राजेश मांझी, राजवल्लभ कुमार, संजय मुर्मू, बिट्टू गोप, दीपक महतो, राजू मुदी, कालीदास टुडू, सुनील गोडसेरा और विनय पासवान। सभी ने सकला मार्डी के साथ एकजुटता जताई और आंदोलन में साथ देने की बात कही।

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें