गणतंत्र दिवस की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, उपायुक्त व एसएसपी ने किया परेड फुल ड्रेस रिहर्सल का संयुक्त निरीक्षण

SHARE:

Jamshedpur:गणतंत्र दिवस–2026 के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को गोपाल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह की परेड के अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल का उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन और समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। परेड में जैप-6 की एक प्लाटून, जिला पुलिस बल की दो प्लाटून, जिला गृह रक्षक की एक प्लाटून, एनसीसी (महिला एवं पुरुष) की दो प्लाटून, तथा स्काउट एंड गाइड की दो प्लाटून शामिल रहीं। अधिकारियों ने परेड की टाइमिंग, अनुशासन, मार्च पास्ट एवं सलामी की बारीकियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात उपायुक्त एवं एसएसपी ने मुख्य समारोह स्थल पर की जा रही अन्य तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण करने का निर्देश देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
प्रशासन ने बताया कि 26 जनवरी को पूर्वाह्न 09:05 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर आकर्षक झांकियां भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगी। जिला प्रशासन के अनुसार, गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment