मनोहरपुर में भव्य शोभायात्रा के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हुआ रामनवमी जुलूस

SHARE:

Chaibasa : रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को मनोहरपुर में भव्य जुलूस एवं झांकी शोभायात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व रामनवमी अखाड़ा श्री श्री संत नरसिंह आश्रम नवदुर्गा महासमिति द्वारा किया गया।

जुलूस में महावीर मंडल, पारिजातेश्वर बनमाली अखाड़ा समिति, मनीनाथ शिव मंदिर अखाड़ा समिति सहित विभिन्न अखाड़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा से पूर्व सभी अखाड़ा समितियों ने अपने-अपने हनुमान मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

दोपहर बाद लगभग चार बजे संत नरसिंह आश्रम परिसर से जुलूस का शुभारंभ हुआ। निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई आगे बढ़ी। इस दौरान खिलाड़ियों ने पारंपरिक खेल-कूद और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

मौके पर उपस्थित मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक जगत मांझी को श्री श्री रामनवमी महासमिति, बाजार सेवा समिति एवं महावीर मंडल की ओर से साफा पहनाकर तथा तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक जगत मांझी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को रामनवमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जुलूस के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों—रौनीयार वैश्य समाज, पान (तांती) समाज रामनवमी सेवा समिति नंदपुर, मारवाड़ी महिला समिति एवं यादव समाज, इंदिरानगर रामनवमी समिति—द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, शर्बत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।

शोभायात्रा राम मंदिर, शिव मंदिर, थाना चौक, हाजरा कंपनी देवी स्थान, विघ्नविनाशक गणेश मंदिर, इंदिरानगर, लाइनपार रामधनी चौक, दुर्गा मंडप एवं फॉरेस्ट नाका चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए देर रात पुनः संत नरसिंह आश्रम परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने में शांति समिति के सदस्यों और पुलिस प्रशासन की सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव, एसडीपीओ जयदीप लड़का, बीडीओ शक्तिकुंज, सीओ प्रदीप कुमार, गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

Leave a Comment