रामनवमी पर आकर्षक झांकियों के साथ भव्य जुलूस, शांतिपूर्ण ढंग से अखाड़ों का संचालन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को मनोहरपुर में भव्य जुलूस एवं झांकी शोभायात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व रामनवमी अखाड़ा श्री श्री संत नरसिंह आश्रम नवदुर्गा रामनवमी महासमिति द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जुलूस में महावीर मंडल, पारिजातेश्वर बनमाली अखाड़ा समिति, मनीनाथ शिव मंदिर अखाड़ा समिति सहित कई अखाड़ों ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। शोभायात्रा से पूर्व सभी समितियों द्वारा हनुमान मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

दोपहर लगभग चार बजे संत नरसिंह आश्रम परिसर से जुलूस का शुभारंभ हुआ। निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान अखाड़ों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक खेल-कूद एवं हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। आकर्षक झांकियां भी जुलूस का मुख्य आकर्षण रहीं।

मौके पर उपस्थित मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक जगत मांझी को श्री श्री रामनवमी महासमिति, बाजार सेवा समिति एवं महावीर मंडल की ओर से साफा पहनाकर एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके हाथों उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विधायक ने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को रामनवमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जुलूस के दौरान सिंहभूम क्षत्रिय महासभा मनोहरपुर-आनंदपुर, रौनीयार वैश्य समाज, पान (तांती) समाज रामनवमी सेवा समिति नंदपुर, मारवाड़ी महिला समिति, यादव समाज एवं इंदिरा नगर रामनवमी समिति द्वारा सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के बीच शीतल जल, शर्बत एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

शोभायात्रा राम मंदिर, शिव मंदिर, थाना चौक, हाजरा कंपनी देवी स्थान, विघ्नविनाशक गणेश मंदिर, इंदिरानगर, लाइनपार रामधनी चौक, दुर्गा मंडप एवं फॉरेस्ट नाका चौक सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए देर रात पुनः संत नरसिंह आश्रम परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही तथा शांति समिति के सदस्यों का भी सराहनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, एसडीपीओ जयदीप लड़का, बीडीओ शक्तिकुंज, सीओ प्रदीप कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.