अनियंत्रित मालवाहक वाहन घर में घुसा, बड़ी दुर्घटना टली

SHARE:

Adityapur : गुरुवार तड़के करीब 5 बजे राजनगर थाना क्षेत्र के खोकरो मोड़ के पास एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। एक भारी मालवाहक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गया। तेज रफ्तार के चलते ट्रक सीधे दीवार से टकराया, जिससे घर के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के समय घर के लोग गहरी नींद में थे, जिससे जनहानि की आशंका बनी रही। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जिसे स्थानीय लोग बड़ी राहत मान रहे हैं। जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घर के क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाकर मदद में जुट गए।

ग्रामीणों ने बताया कि खोकरो मोड़ पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार बढ़ता ट्रैफिक दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बना है। कई बार प्रशासन से स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपायों की मांग की गई, लेकिन हालात में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि जल्द ठोस कदम नहीं लिए गए तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अनियंत्रित वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और वाहन चालक से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक आशंका है कि ट्रक की रफ्तार अत्यधिक थी या चालक को झपकी आने के कारण उसने नियंत्रण खो दिया।

स्थानीय ग्रामीणों ने एक बार फिर प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने, चेतावनी संकेतक स्थापित करने और रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। हादसे में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवार को प्रशासनिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें