Seraikela:रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए राजनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना में भाग ले सकें।
पुलिस प्रशासन की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है और लोग शांति, सौहार्द और उत्साह के साथ रामनवमी मनाने की तैयारी में जुटे हैं।









