घाटशिला उपचुनाव में रघुवर दास का रोड शो, हेमंत सरकार पर साधा निशाना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में बुधवार को भाजपा ने अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में भव्य रोड शो किया।

रोड शो का आगाज़ जादूगोड़ा स्थित सिदो-कान्हू चौक से हुआ, जो नवरंग मार्केट बाजार तक पहुंचा। इसके बाद माटीगोड़ा बजरंगबली मंदिर से अटल गेट और फिर राज स्टेट मैदान से रामकृष्ण मठ तक शो का दूसरा चरण निकाला गया। खुली जीप में रघुवर दास और बाबूलाल सोरेन के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

रोड शो में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, और विधायक अमित यादव भी मौजूद रहे। सड़कों के दोनों ओर खड़े लोग भाजपा के समर्थन में नारे लगाते नजर आए। लगभग दो घंटे चले इस रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह लोगों ने भाजपा नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

सिदो-कान्हू चौक पर भाजपा नेताओं ने हुल क्रांति के नायक सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो की शुरुआत की।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “झारखंड की जनता निकम्मी और भ्रष्ट हेमंत सरकार से ऊब चुकी है। छह वर्षों में न विकास हुआ, न रोजगार मिला, न कानून व्यवस्था सुधरी। राज्य को घोटालों और माफियाओं के हवाले कर दिया गया है।”

उन्होंने कहा कि जनता इस उपचुनाव में हेमंत सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार है। दास ने कहा, “11 नवंबर को ईवीएम के बटन नंबर 1 दबाकर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएं। यह वोट विकास और स्थायी परिवर्तन के लिए होगा।”

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.