पूर्वी सिंहभूम में कुष्ठ रोग खोज अभियान का निरीक्षण, डॉ. होसाना ने दिए आवश्यक निर्देश

SHARE:

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रहे कुष्ठ रोग खोज अभियान (एलसीडीसी) के दूसरे चक्र का मंगलवार को निरीक्षण किया गया। यह अभियान 9 मार्च से 23 मार्च तक चलाया जा रहा है। निरीक्षण के लिए चेन्नई स्थित केंद्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (CLTRI) की टीम से डॉ. होसाना जिले पहुंचीं और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डॉ. होसाना ने मुसाबनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बदिआ, केंदादिह, लोको कॉलोनी और सूरदा क्षेत्र में चल रही अभियान गतिविधियों को देखा और जमीनी स्तर पर कार्य की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सहिया एवं मेल वॉलंटियर्स द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे, दीवार लेखन और संदेहास्पद कुष्ठ रोगियों की लाइन लिस्टिंग के कार्य को संतोषजनक बताया। उन्होंने टीम को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि समय रहते उपचार शुरू हो सके।

जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान कर रहे हैं। साथ ही उन्हें जांच और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार अभियान में आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी शामिल कर कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और उससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने डॉ. होसाना और डॉ. गौतम कुमार को “निकुष्ठ सेवा सम्मान-2026” से सम्मानित किया। उन्होंने जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाया जाए।

मौके पर जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, बीपीएम सूरज पूर्ति, अचिकित्सा सहायक अजय कुमार, बीटीटी जितेन सिंघदेव और सुभाष पातर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment